हरिद्वार। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की। दो जगहों पर कच्ची शराब के लिए रखे गए एक हजार लाहन को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा अंग्रेजी और देसी शराब के पव्वे पकड़े गए। तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के मुताबिक, पथरी थाना क्षेत्र के डांडी चौक के पास चेकिंग के दौरान रविवार को एक बाइक से करीब 46 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मौके पर बाइक को सीज करते हुए आबकारी अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पथरी क्षेत्र के खेतों में दबिश देकर मौके पर करीब 500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया, जबकि लगभग पांच लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
ज्वालापुर के सुभाष नगर में कार्रवाई करते हुए 50 पव्वे देसी शराब और 17 पव्वे अंग्रेजी शराब पकड़ी गई। वहीं, मालू का डेरा दीनारपुर क्षेत्र में भी छापा मारकर करीब 500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। पांच लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।