पथरी। थाना क्षेत्र में भाई-भाभी के झगड़े में समझौता होने के बाद युवक और उसकी मां-बहन के साथ मारपीट कर दी। लाठी-डंडों से घर में घुसकर बुरी तरह पीटा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शिवगढ़ निवासी उत्तम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिनों पहले उसके भाई व भाभी के बीच में झगड़ा चल रहा था, जिनका समझौता गांव के लोगों के सामने हुआ था। उसके पड़ोस में रहने वाले सचिन, राहुल, कन्हैया व मोंटी निवासीगण शिवगढ़ परिवार के फैसले की वजह से उससे व उसके परिवार के साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। उत्तम का आरोप है कि 13 सितंबर को शाम सात बजे करीब सभी लोग लाठी, डंडे लेकर उसके घर में घुस आए।
आरोप है कि उसका भाई अंकित उसी समय बाजार से आ रहा था और सभी लोगों ने उसे व उसके भाई अंकित व अनुज के साथ मारपीट कर दी। लाठी-डंडों से उन्हें पीटा, जिससे उसके भाई को काफी चोटें आई। दांत भी टूट गया और उसकी मां सुमन देवी के साथ भी मारपीट की। उसकी बहन आरती को भी पीटा। गांव के लोग बीच बचाव के लिए आ तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।