हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे प्रदेश के गृहमंत्री प्रीतम सिंह ने मेले के लिए बजट न मिलने पर केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा, प्रदेश सरकार की ओर से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद केंद्र सरकार ने एक पाई नहीं दी। पूरे इंतजाम प्रदेश सरकार ने अपने बूते किए हैं।
सोमवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेने के बाद संवाददाताओं से गृहमंत्री प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अर्द्धकुंभ मेले को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। आने वाले किसी भी श्रद्धालु को घबराने की जरूरत नहीं है। ‘मिशन आक्रोश’ को लेकर पूछे गए सवाल पर गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस कर्मियों की मांगों का निराकरण कर रही है। गृहमंत्री ने सीपीयू को लेकर बगल में खड़े डीजीपी को इशारा करते हुए कहा कि खराब बर्ताव वाले पुलिसकर्मियों को इस स्पेशल दस्ते में न रखें। इस दौरान डा. संजय पालीवाल और अरविंद गुर्जर आदि भी मौजूद रहे।