- कुंभ से पहले अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। कुंभ मेला से पहले धर्मनगरी को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में मनसा देवी मार्ग की गली से हरकी पैड़ी तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाना, आवागमन सुचारु करना और कुंभ मेले में शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। प्रशासन की कार्रवाई से सड़क किनारे अवैध रूप से सामान रखने वाले दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखने के निर्देश दिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि प्रशासन की ओर से निर्धारित पीली पट्टी के बाहर किसी भी प्रकार का फड़, ठेली सामान रखा जाता है, तो उसे जब्त करने के साथ संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।