हरिद्वार। कई दिनों की चुप्पी के बाद प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। सेक्टर दो से चलाए गए अभियान के दौरान दोनों तरफ नाले के ऊपर तक सभी टीन शेड, अस्थायी दुकानें हटा दी गई। अभियान का कई स्थानों पर विरोध हुआ। अपनी दुकानों के बोर्ड बचाने के लिए कई व्यापारी जेसीबी के सामने आ गए। पुलिस ने उन्हें जबरन हटाया। प्रशासन पर प्रभावशाली लोगों के प्रतिष्ठानों को नहीं छेड़ने का आरोप लगाते हुए व्यापारी दो गुटों में बंट गए। व्यापारियों ने दुकानें हटाने को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया।
शनिवार दोपहर नगर मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह, मुख्य नगर अधिकारी विप्रा त्रिवेदी और एएसपी तथा सीओ राजेश भट्ट के नेतृत्व में सेक्टर दो के पास स्थित खोखा मार्केट से अभियान शुरू किया गया। प्रशासन ने नाले से नाले तक जो भी खोखा, होर्डिंग आदि दिखाई दिया सभी को हटवा दिया। इस आशंका के चलते ही पूरी खोखा मार्केट ही न हटा दी जाए व्यापारी काफी सहमे हुए थे। कई लोग तो वर्षों पुराने बिजली के बिल तथा अन्य कागजात भी लेकर आए हुए थे।
इसके बाद प्रशासन की टीम बुलडोजर के साथ सेंटमैरी स्कूल के सामने से होते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ बढ़ा। प्रशासन की ओर से दुकानों के ऊपर लगाए गए साइन बोर्ड, रेलिंग, पोल और टीन शेड आदि हटवाने शुरू किए तो व्यापारी एकजुट हो गए। व्यापारियों ने दुकानों के ऊपर लगे बोर्डों को हटाने का यह कहते हुए विरोध किया कि दुकानों पर लगे बोर्ड न तो यातायात को बाधित कर रहे हैं और न ही जमीन पर कोई अनाधिकृत कब्जा है। रंजन माहेश्वरी अपनी दुकान के बोर्ड आदि हटाने का विरोध करते हुए जेसीबी के सामने ही खड़े हो गए। इस पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा बुझाकर हटाया। जूतों और कपड़े की एक दुकान के सामने लगाई गई रेलिंग को हटाने पर दुकान मालिक तथा आसपास के व्यापारी विरोध करने लगे। इस दौरान व्यापारी नेताओं की प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई लेकिन अभियान जारी रहा। रेलवे फाटक तक स्टेशन की साइड के सारे अतिक्रमण हटवाने के बाद जब प्रशासन की टीम ज्वालापुर इंटर कालेज की ओर से अतिक्रमण हटवाने लगी तो व्यापारी फिर आक्रामक हो गए। उनका कहना था कि एक साइड से पहले ज्वालापुर कोतवाली तक अतिक्रमण हटवाया जाए इसके बाद वापस आएं। यहां भी तीखी नोकझोंक हुई। रेलवे फाटक के पास अभियान फिर शुरू करने की बात कहते हुए स्थगित कर दिया गया।
---------------------------------
आपस में ही भिड़े व्यापारी
हरिद्वार। अतिक्रमण हटवाने के दौरान व्यापारी प्रशासन के अधिकारियों पर तो पक्षपात करने का आरोप लगा ही रहे थे आपस में भी उनका गुस्सा एक दूसरे पर फूट रहा था। रेलवे स्टेशन के पास स्थित दुर्गा मार्केट में कुछ व्यापारी मांग करने लगे की दोनों तरफ से अतिक्रमण हटाया जाए। सेंटमैरी के सामने शेड हटाने के दौरान पार्षद रवि धींगड़ा और उनके प्रतिद्वंद्वी धर्मपाल ठेकेदार के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।