शिक्षक राजेश सिंह हत्याकांड में सिडकुल पुलिस के हाथ खाली हैं। दिल्ली के कारोबारी श्याम किशोर हत्याकांड में कनखल पुलिस को लीड मिल गई है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द कारोबारी हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।
तीन दिन के अंतराल में हरिद्वार में हुई दो हत्याओं ने पुलिस को हिलाकर रख डाला है। शिवालिक नगर निवासी शिक्षक राजेश सिंह की हत्या का खुलासा एक बड़ी चुनौती बनी है। शिक्षक की संपत्ति विवाद के तार बिहार से जुड़ रहे हैं। इन हालात में हरिद्वार पुलिस को अधिक एक्सरसाइज करनी पड़ रही है। फिलवक्त शिक्षक हत्याकांड में पुलिस के पास कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य नहीं लगे है जिन पर चलकर सफलता मिल पाए। इधर, कनखल के अभिषेक नगर में मौत के घाट उतार दिए गए दिल्ली के कारोबारी श्याम किशोर खन्ना की हत्या में पुलिस को लीड मिल ही गई है। घटनास्थल से गायब हुए पश्चिम बंगाल के दिहाडी मजदूर सगे भाइयों का ही हत्याकांड से लेना देना है। हालांकि, हत्या क्यों की गई ये सवाल उनकी धरपकड़ के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस टीम हत्याकांड की जानकारी होने के दिन से ही पश्चिम बंगाल की तरफ दौड़ पड़ी थी। अब बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथ जल्द सगे भाइयों के गिरेबां तक पहुंच सकती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।