बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार/बहादराबाद। ग्राम बोंगला में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास स्थित सरकारी कैंटीन में शराब पीने से रोकने पर विवाद हो गया। आरोप है कि रोहालकी किशनपुर के ग्राम प्रधान अपने दो साथियों के साथ कैंटीन पहुंचे और वहां बैठकर शराब पीने का दबाव बनाने लगे। कैंटीन बंद करने का समय होने की बात कहने पर तीनों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की। कैंटीन संचालक के पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट की। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चंद्रभान कश्यप निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद सिडकुल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ग्राम बोंगला स्थित सरकारी कैंटीन में कर्मचारी हैं। 15 नवंबर की रात करीब 10:55 बजे रोहालकी किशनपुर निवासी ग्राम प्रधान विकास चौहान, अभि चौहान और योगेश चौहान कैंटीन पहुंचे। तीनों ने वहां बैठकर शराब पीने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस बात पर तीनों भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी।
विकास चौहान ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उन पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। कैंटीन के दूसरे कर्मचारी राकेश कुमार के साथ भी मारपीट की। उन्होंने घटना की जानकारी कैंटीन संचालक निखिल कुमार को दी। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से कुछ देर पहले तीनों ने रोहालकी किशनपुर स्थित केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कर्मचारियों और गार्ड के साथ भी मारपीट और तोड़फोड़ की थी। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दो मामलों में नामजद हो चुके प्रधान व उसके साथी
- बहादराबाद में विवाद के मामले में ग्राम प्रधान व उसके साथियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। तीन दिन पहले नर्सिंग कॉलेज में तोड़फोड़, मारपीट के मामले में ग्राम प्रधान विकास चौहान व उसके 10 साथियों पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अब शुक्रवार की देर रात कैंटीन संचालक व कर्मचारी से मारपीट में प्रधान सहित तीन को नामजद किया गया है।