हरिद्वार। सोमवार को तीन सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आए मरीजों को फजीहत झेलनी पड़ी। ओपीडी में अपने नंबर के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सामान्य मरीजों के साथ महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाएं भी परेशान रहीं। पहले से डाक्टरों की कमी और ऊपर से चारधाम यात्रा में ड्यूटी लगने से ज्यादा संकट बन गया है। आने वाले दिनों में भी मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद नही।
जिला अस्पताल में एक डाक्टर अवकाश पर तो तीन डाक्टर अन्य कार्यों में व्यस्त रहे। ऐसे में केवल दो ही डाक्टर ओपीडी में थे। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर होने के चलते गर्भवती सहित अन्य मरीजों के अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो सके। मेला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ की चारधाम यात्रा में ड्यूटी होने के चलते हुए एक मात्र त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. एचके सिंह ने ओपीडी की। यही हाल महिला अस्पताल का रहा। अस्पताल की सीएमएस के तीन दिन के अवकाश पर चले जाने से अन्य दो डाक्टरों के भरोसे अस्पताल चला। वहीं अस्पतालों में जून महीने तक यही हालात रहने के आसार है। क्योंकि चारधाम में मेला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डा. राजेश गुप्ता सहित अन्य डाक्टरों की चारधाम में ड्यूटी लगाए गई है, साथ ही मई के अंतिम सप्ताह से जून महीने में कई डाक्टरों ने अवकाश के लिए आवेदन कर दिया है। इससे सरकारी अस्पतालों में इलाज व्यवस्था लड़खड़ा जाएंगी।