लालढांग क्षेत्र में खेतों की और जाता हाथी ।
- फोटो : HARIDWAR
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से निकलकर आए हाथियों के झुंड ने कई गांवों में उत्पात मचाया और फसलों को नुकसान पहुंचाया। चांदपुर में फसल की रखवाली कर रहे किसान सुरेंद्र सैनी को हाथियों ने दौड़ा दिया। उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। बिशनपुर कुंडी और पुरानी कुंडी में किसानों ने ट्रैक्टर के साइलेंसर उतार कर उसकी आवाज से हाथियों को खेतों से भगाया।
मंगलवार रात को बिशनपुर कुंडी, पुरानी कुंडी, फेरूपुर, चांदपुर, कटारपुर और रानीमाजरा में हाथियों का झुंड घुस आया। किसान सुखदेव पाल, ब्रजपाल, सुशील सैनी, मोहित सैनी, बिजेंद्र सिंह आदि किसानोें का कहना है कि पिछले कई दिनों से रात में हाथी खेतों में घुस कर फसलों का नुकसान कर रहे हैं।
दूसरी तरफ मिस्सरपुर और उसके आसपास बसी कालोनियों में बुधवार सुबह छह बजे दो हाथी घुस आए। हाथियों को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। राजेश सैनी, सुबोध चौहान, अनिल शर्मा, आलोक चौहान आदि ने बताया कि पटाखे छोड़कर हाथियों को भगाया गया। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों सेफसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।