- ट्यूबवेल बंद होने से फसलों की सिंचाई प्रभावित, जल्द समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। नसीरपुर कलां में करीब एक माह पहले तेज हवा और बारिश के दौरान खेत में लगा बिजली का पोल और ट्रांसफार्मर गिर गया था। किसानों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद ऊर्जा निगम की ओर से अब तक पोल और ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इससे निजी ट्यूबवेल की बिजली आपूर्ति ठप है और कई गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी उठानी पड़ रही है।
किसानों के अनुसार, उक्त ट्यूबवेल से नसीरपुर कलां, बादशाहपुर, धारीवाला और टिकोला के कई किसान अपने खेतों की सिंचाई करते हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से खेतों में खड़ी फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों में रोष है। किसान बालकराम, सोनू कुमार, राजू और सत्यवीर सिंह ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द पोल और ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो ऊर्जा निगम के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। ऊर्जा निगम की एसडीओ गिन्नी रानी ने बताया कि पोल और ट्रांसफार्मर गिरने की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।