- पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय कोब्से सम्मेलन
- सम्मेलन में बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की बदलती जरूरतों पर मंथन हुआ
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। छात्रों के सामाजिक-भावनात्मक विकास और कल्याण की चुनौतियों पर केंद्रित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में संपन्न हुआ। इस दौरान योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत विश्व गुरु बन सकता है। काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) की जनरल बॉडी की बैठक में 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
25 से 27 नवंबर तक चले इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के 41 स्कूली शिक्षा बोर्डों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। स्वामी रामदेव ने भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विश्व गुरु बनने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सपना है कि 90 से 99 फीसदी बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें और अभिभावक इस पर गौरव महसूस करें। महासचिव एमसी शर्मा ने बताया कि कुल 12 प्रस्तुतीकरण हुए। इसमें नेपाल और भूटान सहित 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने इसे सफल बताया।
-
बच्चों के समग्र विकास पर मंथन
सम्मेलन में बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की बदलती जरूरतों और भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विमर्श हुआ। प्रतिभागियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी समस्याओं के समाधान पर गहन मंथन किया। भारतीय शिक्षा के माध्यम से भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ना भी प्रमुख विषय रहा। स्वामी रामदेव ने बच्चों में उत्साह बनाए रखने और उनके चित्त एवं मानस का निर्माण करने को शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया।
-
शिक्षा बोर्डों का एकजुट प्रयास
भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने सभी शिक्षा बोर्डों से एकजुट होकर बच्चों का भविष्य संवारने का आह्वान किया। कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों का बेहतर भविष्य गढ़ा जा सकता है। स्वामी रामदेव ने कोब्से के चेयरमैन, सचिव और सदस्यों के परिवारों को दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में स्वास्थ्य लाभ के लिए आमंत्रित किया।