थाना क्षेत्र के पदार्था में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल सवार दो भाईयों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाल कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम फेरूपुर थाना पथरी निवासी योगेंद्र (32) और उसका छोटा भाई शरद (26) किसी काम से मोटरसाइकिल पर लक्सर गए थे। देर रात दोनों घर लौट रहे थे। पदार्था के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों भाई सड़क पर दूर गिरे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। दोनों भाईयों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के मुताबिक दोनों भाई खेती-बाड़ी करते थे। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर आने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।