- लालढांग में भवन में घुसा था गुलदार, वनकर्मी पर किया था हमला
- रात और दिन में वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, रेंजर खुद कर रहे गश्त
लालढांग क्षेत्र के पीली पड़ाव गांव में गुलदार के खाली पड़े भवन में घुसकर भागते समय वनकर्मी पर हमला कर देने के बाद वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। वन विभाग की टीमों ने दिन-रात जहां गश्त बढ़ा दी है तो वहीं खेतों में ड्रोन से गुलदार की निगरानी की जा रही है। उसे ट्रेंकुलाइज करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
शुक्रवार को गांव के बीच खाली पड़े भवन में गुलदार दिखाई दिया था। वहां से निकलते समय गुलदार ने वनकर्मी पर हमला कर दिया था। घायल कर्मचारी का उपचार किया गया। इसके बाद वन महकमा गुलदार को रेस्क्यू करने में लगा रहा। गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश भी गई, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी गुलदार खेतों से भाग निकलने में कामयाब रहा। तभी से वन विभाग की तीन टीमें गांव में गश्त कर रही हैं।
श्यामपुर रेंज के रेंजर पंकज ध्यानी ने बताया कि पिली पड़ाव गांव गुलदार की निगरानी के लिए दिन में तीन टीम जुटी हुई हैं। रात में एक टीम और बढ़ाई जाएगी, जिसमें रेंजर स्वयं मौके पर रहेंगे। गांव में गुलदार की निगरानी के लिए दो कैमरे लगे हुए थे, शनिवार को चार कैमरें और लगा दिए गए। पूरे गांव में ड्रोन को घूमाकर गुलदार की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। ग्राम प्रधान शशि झंडवाल ने बताया कि गांव में गुलदार से खतरा बना हुआ है। लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
-
गुलदार की दस्तक से दहशत में लोग, पिंजरा लगाने की मांग
क्षेत्र में गुलदार की दस्तक से ग्रामीण दहशत में हैं। शनिवार सुबह खेतों में गन्ने की छिलाई के रहे किसानों का सामना गुलदार से हो गया।
कोटा खेड़ा गांव के समीप ग्रामीणों के साथ गन्ने की छिलाई कर रहा था। अचानक गन्ने के खेत से गुलदार आकर खड़ा हो गया, जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। गुलदार देखकर ग्रामीणों के होश फाख्ता हो गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आसपास के किसानों ने भी हल्ला मचा दिया। तब गुलदार भाग गया। इससे पहले गुलदार एक किसान पर हमला कर चुका है और बृहस्पतिवार की सुबह धनौरी में आबादी के समीप कुत्ते को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीण विवेक, अरविंद, कुर्बान आदि ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से एक गुलदार दिखाई दे रहा है। डरकर लोगों ने खेतों में जाना छोड़ दिया है। जंगली जानवर किसानों के खेतों की ओर आ रहे हैं। खानपुर के रेंजर मोहन सिंह का कहना है कि टीम को मौके पर भेजा गया था। गुलदार की रेकी की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।