लालढांग। रसूलपुर मीठीबेरी ग्राम पंचायत में पेयजल लाइन के लीकेज की समस्या बनी हुई है। लीकेज से लाइन में गंदे पानी की सप्लाई होकर घरों में पहुंच रही है। ऐसे में ग्रामीणों को संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी सता रहा है।
ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल लाइन लीकेज के बारे में शिकायत कर चुके हैं। मगर, कार्यवाही न होने से नाराज ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत के रसूलपुर, मंगोलपुरा, मीठीबेरी, रसूलपुर गोट, आर्यनगर में 15 से अधिक पानी की लाइन में लीकेज है। वर्षों पूर्व में डाली गई, लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे उन जगहों पर गड्ढे बन गए हैं।
पानी की सप्लाई खुलने पर गड्ढों में जमा पानी हो जाता है। पेयजल लाइन के जरिये लोगों के घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में नई लाइन बिछा दी गई हैं, लेकिन दो वर्षों से चल रहे जल जीवन मिशन का कार्य अभी तक आधा भी नहीं हो पाया है। संवाद