हरिद्वार। वीरांगना रानी लक्ष्मी बाई एवं आयरन लेडी इंदिरा गांधी स्मृति बालिका कबड्डी प्रतियोगिता-2024 का आयोजन मिथिलेश सनातन धर्म इंटर कॉलेज कनखल में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पंचायती उदासीन बड़ा अखाड़ा कनखल के महंत गोविंद दास महाराज ने किया। उन्होंने कहा कि योग और खेलों से मनुष्य का शारीरिक और मानसिक विकास होता है और खेल हमें राष्ट्रीय भावना के लिए प्रेरित करते हैं।
कबड्डी का फाइनल मैच डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स अकादमी मायापुर एवं मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी लाठर देवा ब्लॉक गुरुकुल नारसन के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज की टीम विजेता और मिल्खा सिंह स्पोर्ट्स अकादमी की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लता जोशी एवं मार्शल वूशु एसोसिएशन की सचिव एवं नेशनल कोच आरती सैनी ने किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक भारत भूषण, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनिल भास्कर, नगर पालिका के पूर्व नेता प्रतिपक्ष उपेंद्र धीमान, डॉ. विजय तोमर, विक्रम शाह, संजय शर्मा कालू, हिमांशु बहुगुणा आदि मौजूद रहे।