हरिद्वार। लंबे समय से चली आ रही डीएसीपी की मांग पूरी कराने को लेकर सोमवार से सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों ने सुबह दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। बहिष्कार के समय अस्पताल आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के आह्वान पर सरकारी अस्पतालों के चिकित्सक सुबह से ही ओपीडी छोड़कर कार्यबहिष्कार करने पर चले गए। डाक्टरों ने डायनेमिक एश्योर्ड कॅरियर प्रोग्रेशन की अपनी पुरानी मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह आठ से दस बजे तक सरकारी अस्पताल में ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया। इसके चलते जिला अस्पताल, राजकीय मेला अस्पताल, महिला अस्पताल में सुबह ओपीडी में आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तीनों अस्पतालों के चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय परिसर में धरना दिया। दस बजे के बाद ओपीडी सेवा सामान्य रूप से चली। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डा. मनोज द्विवेदी ने बताया कि हड़ताल में सिर्फ ओपीडी का ही बहिष्कार किया जा रहा है। मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान इमरजेंसी सहित अन्य सेवाएं सुचारु रहेंगी। सचिव डा. मनोज वर्मा ने कहा कि सरकार डाक्टरों की मांग को अनसुनी कर रही है। अगर सरकार ने जल्दी ही उनकी मांग पूरी नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान डा. जेएस चुफाल, डा. संजीव निगम, डा. अनुपम चतुर्वेदी, डा. बीपी मौर्य, डा. नरेश जोहरी, डा. एके पालीवाल, डा. एचके सिंह, डा. मनोज उप्रेती आदि मौजूद रहे।