मुख्यमंत्री दाल पोषित योजना के तहत दाल वितरण में प्रति किलो दो रुपये लेने अधिक लेने के आरोप में डीएम ने लक्सर स्थित राशन की दुकान को निलंबित कर दिया है। अगले आदेशों तक संबंधित उपभोक्ताओं को नजदीकी दुकान से राशन मिलेगा। इसके लिए क्षेत्रीय निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है।
राशन की दुकानों पर मुख्यमंत्री दाल पोषित योजना के तहत चने की दाल का वितरण किया जा रहा है। दाल का मूल्य 41 रूपये नियत किया गया है और पैकेज पर दाल के रेट प्रिंट किए गए हैं। लेकिन लक्सर नगरपालिका क्षेत्र की वार्ड नंबर एक की राशन की दुकान पर दाल के नियत मूल्य के बजाय प्रति किलो पर दो रुपये अधिक लेने की शिकायत उपभोक्ताओं से मिली।
मामला शासन तक पहुंचा। डीएम दीपेंद्र चौधरी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए। उनके निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उपभोक्ताओं से दाल वितरण के संबंध में जानकारी ली। उपभोक्ताओं ने प्रति किलो डेढ़ से दो रुपये अधिक लिए जाने की शिकायत की। उनके बयान दर्ज भी दर्ज किए गए। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुकान को निलंबित कर दिया। जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि अगले महीने का राशन पड़ोस की किसी दुकान से उपभोक्तओं को दिया जाएगा। जिसे नियत करने के लिए क्षेत्रीय निरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने अन्य दुकानों पर भी जांच के निर्देश दिए है।