हरिद्वार। ज्वालापुर मंडी समिति ने बड़ी मात्रा में मंडी शुल्क की चोरी पकड़ी है। मंडी के अधिकारियों ने मंडी शुल्क की चोरी सामने आने पर दिव्य फार्मेसी से 82500 रुपये का शुल्क वसूल किया है। फार्मेसी में लंबे से मंडी शुल्क जमा किए बिना गुड़ लाया जा रहा था।
मंडी समिति के वरिष्ठ निरीक्षक कुलदीप नौटियाल की ओर से शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र में मंडी शुल्क की चोरी को लेकर चेकिंग अभियान चला रखा था। निरीक्षक कुलदीप नौटियाल ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान दिव्य फार्मेसी हरिद्वार की गुड़ से भरा ट्रैक्टर पकड़ा। जांच के बाद पाया गया कि लाइसेंस दिव्य फार्मेसी के आचार्य बालकृष्ण के नाम नवीनीकरण नहीं है। उस पर मंडी समिति के ओर से लाइसेंस शुल्क 500 रुपये, लाइसेंस समन 12000 रुपये, मंडी शुल्क 20000 रुपये समेत कुल 82500 मैसर्स दिव्य फार्मेसी से वसूला गया। ट्रैक्टर चालक सोनू निवासी तेलीवाला ने बताया कि वह काफी समय से दिव्य फार्मेसी में गुड़ की सप्लाई कर रहा था। मंडी शुल्क के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसे एक छोटी सी पर्ची दिव्य फार्मेसी की ओर से दी जाती थी।