हरिद्वार। शुक्रवार को एनजीटी के आदेशों के अनुपालन कराने के लिए प्रशासन ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर पॉलीथिन और लंगरों का सामान जब्त किया। कई जगह अतिक्रमण भी हटाया गया। एक दुकान से पॉलीथिन मिलने पर पहली बार एनजीटी के आदेश पर 5000 रुपये का चालान काटा गया। इस दौरान पार्षद और व्यापारियों ने उनका विरोध भी किया।
शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत अतिक्रमण भी हटाया गया। नाईघाट पर अवैध रूप से निकाली गई मंदिर की सीढ़ियों को जेसीबी से तोड़ दिया गया। सुभाषघाट पर लंगर चलाने वालों का सामान जब्त किया गया। टिहरी हाउस से वाली गली को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है। तंबाकू एवं पान मसाला के गुटके लटकाने वाले दो दुकानदारों को सामान जब्त करने के साथ ही 500-500 रुपये का चालन भी किया गया। नगर निगम के पार्षद व व्यापारी नेता सतेंद्र वर्मा ने गलियों से अतिक्रमण हटाने तथा सामान जब्त करने का विरोध किया। इसको लेकर वह अपर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान से भिड़ गए। कई अन्य प्रभावित लोगों ने भी उसका साथ दिया। दुकानदारों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय देने की मांग की, परंतु अभियान दल ने एक नहीं सुनीं और सामान जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। बड़ी संख्या पुलिस फोर्स साथ होने के कारण विरोध का स्वर बेअसर रहा। नगर निगम के कर अधीक्षक रमेश रावत ने बताया कि जान्हवी बाजार में शांतनु की दुकान से पॉलीथिन का पैकेट मिलने पर 5000 रुपये का चालान किया है। पॉलीथिन मिलने पर इसका दो बार पहले भी 500-500 रुपये का चालान किया गया था। तीसरी बार पॉलीथिन मिलने पर एनजीटी के आदेशानुसार 5000 रुपये का चालान किया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वाले भारत व मनोज का 500-500 रुपये का चालान किया गया है। रमेश व इंद्रजीत का भी सामान जब्त किया गया।