हरिद्वार के एक बैंक से भी आश्रमों और ट्रस्टों के करोड़ों रुपये के पुराने नोट बदलने की चर्चा गरम है। बताया जाता है कि इस बैंक से कई नामी संस्थाओं ने भी अपना काला धन सफेद किया है। अब देशभर में ऐसे मामले सामने आने और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मचा है।
नोटबंदी के बाद देशभर में कई जगह छापों के दौरान बड़ी मात्रा में नए नोट बरामद हो रहे हैं। एक साथ करोड़ों रुपये मिलने के बाद बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आ रही है। हरिद्वार में भी करोड़ों रुपये के पुराने नोट बदलने चर्चा आ रही है। बताया जाता है कि अपर रोड पर स्थित एक बैंक से कई आश्रमों और ट्रस्टों के साथ नामी गिरामी संस्थाओं के नोट बदले गए। बैंकों के अधिकारी इस संबंध में कोई बात करने को भी तैयार नहीं है, बस इतना ही कहते है कि जिसने यह कृत्य किया है वो सजा का भागीदार होगा। वहीं अब सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के निर्देशों से नोट बदलकर देने वालों के होश फाख्ता हैं।
-----------------------
बैंकों में पहुंचे आरबीआई के निर्देश
हरिद्वार। सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के आरबीआई के दिशा निर्देश बैंकों में पहुंच गए हैं। आरबीआई ने अपने निर्देशों में साफ कहा कि यदि सीसीटीवी फुटेज से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ हुई तो सख्त कार्रवाई होगी। लीड बैंक मैनेजर केएस पॉल ने बताया कि आरबीआई के निर्देशों को सभी बैंकों को जारी कर दिया गया है।
--------------
आरबीआई की ओर से जारी निर्देश
- बैंक के करेंसी चेस्ट (मुख्य तिजोरी या स्ट्रांग रूम), बैंक काउंटर और बैंक के बाकी हिस्सों के सीसीटीवी फुटेज संभालकर रखें।
- यदि बैंकों के खिलाफ किसी तरह की शिकायत मिली तो जांच एजेंसियां इन सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी।
- बैंक के हॉल एरिया और काउंटर भी सीसीटीवी फुटेज के दायरे में होने चाहिए ताकि संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा सके।