शादी के नाम पर छली गई युवती की शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय ज्वालापुर पुलिस अपना पल्ला झाड़ने में जुटी है। अब तक आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। शुक्रवार को भी अपने परिजन के साथ कोतवाली पहुंची युवती को मायूस होकर लौटना पड़ा। इस सिलसिले में एसपी सिटी ने कहा कि वे खुद मामले का संज्ञान लेंगे।
बृहस्पतिवार को अपनी सहेली संग कोतवाली पहुंची युवती ने पुलिस को आपबीती बताई थी। बताया था कि वह साढ़े तीन साल से एक युवक के साथ रिलेशनशिप में थी। इस बीच युवक से उसके शारीरिक संबंध हो गए। आरोप है कि अब एक माह से गर्भवती होने की बात जब उसने प्रेमी को बताकर शादी करने को कहा तो वह मुकर गया। यही नहीं उल्टा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। प्रेमी के पक्ष में उसके परिजन भी उतर आए।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर युवती को लौटा दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को भी जब युवती अपने परिजन के संग पहुंची तब उसे जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लौटा दिया गया। युवती ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर जोर दिया पर केाई सुनवाई नहीं हुई। एसपी सिटी मणिकांत मिश्रा का ध्यान जब इस तरफ दिलाया गया तब उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में मामला नहीं है। वे ज्वालापुर पुलिस से इसकी जानकारी लेंगे।