केंद्र सरकार के वित्त विभाग की ओर से शादी वाले परिवारों को ढाई लाख रुपये तक की नगदी देने का आदेश करने के बाद भी उन्हें पैसा नहीं मिल पा रहा है। कारण रिजर्व बैंक की ओर से अब तक इसकेे संबंध में आदेश नहीं मिलना रहा। ऐसे में दिनभर उपभोक्ताओं और बैंककर्मियों के बीच झगड़ा होता रहा। बैंककर्मियों ने ऐसे निर्देश नहीं होने की बात कहकर नगदी देने से इंकार कर दिया।
शादी के सीजन में बैंकों से पैसे नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार की ओर से इस बारे में राहत देते हुए शादी वाले परिवारों को ढाई लाख रुपये तक देने की घोषणा की गई थी। इस पर शिवलोक कालोनी निवासी पुलिस अधिकारी आरबी सिंह यादव पंजाब नेशनल बैंक की रानीपुर मोड शाखा में पहुंचे । शादी का कार्ड दिखाते हुए उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को उनके बेटे की शादी है। पैसे नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार के आदेशों का हवाला देते हुए उन्होंने ढाई लाख रुपये देने का आग्रह किया। इस पर बैंक अधिकारियों ने रिजर्व बैंक की ओर से कोई निर्देश नहीं होने की बात कहकर पैसे देने में असमर्थता जताई। इस पर दोनों पक्षों में नोक-झोंक भी हो गई। जैसे-तैसे बैंक कर्मियों ने यादव को समझा- बुझाकर शांत किया।
बैंक प्रबंधक अनिल डोगरा ने बताया कि अब तक कोई भी रिजर्व बैंक की ओर से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। इससे अभी यह सुविधा ग्राहकों को नहीं दी ज रही है। ऐसे निर्देश आते ही लोगों को सुविधा दी जाएगी।