रक्षाबंधन का पर्व 22 अगस्त रविवार को है। बाजार रंग बिरंगी राखियों पट गया है। जयपुरी राखियों से लेकर कार्टून केरेक्टर की राखियों की डिमांड खूब है। पांच से 150 रुपये तक की राखियां बाजार में हैं। करीब 50 से ज्यादा वैरायटी में डिजाइनर राखियां भी खूब हैं।
बच्चों की कार्टून केरेक्टर में पाकीमान, डोरीमून, छोटा भीम, जय कृष्णा, स्पाइडरमैन, पिंकाचू एवंजर काटन की राखियों की भरमार है। पहले रेशम के धागे की राखियां आती थी। अब कलावे वाली राखियां भी बाजार में मौजूद हैं, जिन्हें बांधने में भी आसानी होती है। जयपुरी राखियां भी महिलाओं को खूब भा रही हैं। कुंदन वर्क की राखियां आम राखियों से कुछ महंगी हैं। महिलाएं इनको भी पसंद कर रही हैं। रानीपुर मोड़ स्थित राखी विक्रता अजय ने बताया कि पांच से 150 रुपये तक की राखियां बाजार में हैं। अपनी पसंद के अनुसार महिलाएं व बच्चे राखियां खरीद रहे हैं।
----------
राखी की थाली किट में रोली चावल भी
राखी की थाली किट भी बाजार में हैं। इस थाली में राखी के अलावा चावल, रोली, मिश्री भी है। बहनों ने कोरियर और डाक से यह थाली खरीदकर भेजी है। जिससे भाईयों के लिए थाली में पूरा सामान उपलब्ध कराया जा सके। राखी की थाली को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
-------
बाजार में यह राखियां भी उपलब्ध
सतिया वाली राखी, राम-राम, गणेश, ब्रासलेट, रुद्राक्ष, क्रिस्टल धागे, चंदन राखी, त्रिशूल जटा, पर्वत, मोरपंख, नगवाली राखी की आकृति में राखियां भी बाजार में हैं। भाई के साथ भाभी के भी हाथ में राखी बांधने का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। इसके लिए बाजार में भी लुम्बों की भरमार है। जयपुरी लुम्बे सबसे ज्यादा महिलाएं खरीद रही हैं। कड़े की आकृति में भी लुम्बे हैं। वहीं लटकन में जयपुरी लुम्बे अलग-अलग रंग में खूब पंसद किए जा रहे हैं।