भीमगोड़ा क्षेत्र में बदहाल पड़ी सड़क ।
- फोटो : HARIDWAR
भीमगोड़ा और गंगाधर महादेव नगर में कई विभागों की तरफ से विकास कार्यों के लिए सड़कों को खोदने के बाद खुला ही छोड़ दिया गया है। अब आए दिन इन गड्ढों में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
उत्तरी हरिद्वार के भीमगोड़ा और गंगाधर महादेव नगर में भूमिगत विद्युत लाइन और पेयजल लाइन डालने का काम किया गया था। वहीं कुंभ मेला कार्यों के तहत सीवर लाइन भी डाली गई थी। काम पूरा होने बाद गड्ढों को नहीं भरा गया। कई जगह नालों के स्लैब को तोड़ने के बाद दोबारा नहीं बनाया गया। अब यह गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। स्थानीय निवासी प्रशांत शर्मा ने बताया कि बुजुर्गों को सड़क पर चलने पर बहुत ही दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी शत्रुघ्न गिरि और सचिन शर्मा का कहना है कि हमारे घरों के आगे गिरकर आए दिन कोई ना कोई चोटिल होता रहता है। शिकायत के बावजूद विभाग ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।
सुमित चौधरी ने कहा कि जिलाधिकारी ने दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभाग पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी, ऊर्जा निगम और पेयजल निगम को पत्र लिख गड्ढों को भरने और सड़क निर्माण की मांग की है। पत्र भेजने वालों में शिव कुमार, रमेश अरोड़ा, जयशंकर गुप्ता, कमल, नीरज ममगाईं, विकास शर्मा, सुमित, अंजुल मोहन, भास्कर मिश्रा, राजेश मोहन, करण अग्रवाल, नीरज चौहान, आकाश शर्मा, पवन अरोड़ा, प्रभाकर शर्मा, मनोज राणा शामिल रहे।