लालढांग। लालढांग राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग के लिए हिमालयन बुक्सा आदिम जनजाति उत्थान समिति की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को पत्र भेजा गया है।
पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि लालढांग क्षेत्र की आबादी लगभग 70 हजार है। इसमें दस हजार आदिम बुक्सा जनजाति के लोग रहते हैं। ऐसे में लालढांग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल प्राथमिक उपचार ही होता है, यदि कोई अचानक बीमार हो जाए तो लालढांग से 30 किलोमीटर दूर हरिद्वार और 60 किलोमीटर हिमालयन हॉस्पिटल देहरादून या एम्स ऋषिकेश में जाना पड़ता है। कभी- कभी क्षेत्र के ग्रामीणों को समय पर इलाज न मिलने के कारण जान भी गंवानी पड़ी है।
लालढांग क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आदिम बुक्सा जनजाति समुदाय के गरीब लोगों नहीं मिल पा रहा है। पत्र के माध्यम से लालढांग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की नियमित व्यवस्था करते हुए केंद्र का उच्चीकरण किए जाने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में समिति के विजेंद्र कुमार, क्षितिज कुमार, गजेंद्र सिंह, पुनीतकुमार, अनिल कुमार, अजय कुमार, चंद्रमोहन सिंह, कमल सिंह आदि मौजूद रहे।