- वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई है। इस संबंध में उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने बताया कि जिले की प्रत्येक तहसील में वृद्धाश्रम खोलने, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए थानों में नियमित बैठक आयोजित करने और वृद्धावस्था व विधवा पेंशन को 1500 रुपये से बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग उठाई गई है।
ईपीएफ पेंशन बढ़ाकर 7500 रुपये करने, रेलवे किराये में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली छूट बहाल करने, जमा पूंजी पर ब्याज दर बढ़ाने और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी की गई। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए घोषणाएं तो करती है, लेकिन उनकी समस्याओं का धरातल पर समाधान नहीं हो रहा है। इस दौरान चौधरी चरण सिंह, केसी शर्मा, एसके गर्ग, जीके बडोला, सुभाष हंस, विद्यासागर गुप्ता, शिवचरण, एससी ग्रोवर, श्याम सिंह, गुलाब राय आदि मौजूद रहे।