अखिल भारतीय गुजराती समाज ने सौंपा ज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। अखिल भारतीय गुजराती समाज ने हरिद्वार और सोमनाथ के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। समाज के प्रमुखों ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक आधिकारिक मांग पत्र सौंपा है।
वर्तमान में इन दोनों महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के बीच सीधी ट्रेन नहीं है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी होती है। समाज के अध्यक्ष संजय पटेल ने बताया कि हरिद्वार भारत की एक प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी है। यह यात्रियों के लिए मुख्य प्रवेश द्वार का काम करती है। वहीं गुजरात का सोमनाथ मंदिर भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से पहला है। यह देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
सीधी ट्रेन न होने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को कई ट्रेनें बदलनी पड़ती हैं। इससे उन्हें समय और धन दोनों का भारी नुकसान होता है। समाज ने जनभावनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रेल मंत्रालय इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।