नई दिल्ली के एक ज्योतिषाचार्य की हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ज्योतिषाचार्य इलाहाबाद के एक व्यक्ति के ग्रह शांत करने के लिए उसे हरिद्वार लेकर आए थे। लघुशंका के दौरान सुलभ शौचालय में ज्योतिषाचार्य मृत मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक नई दिल्ली में शंकर बस्ती रानीबाग निवासी पंडित अविनाश शुक्रवार को इलाहाबाद निवासी ओम जे केसरवानी को लेकर हरिद्वार पहुंचे थे। केसरवानी ने बताया कि ग्रह शांत करने के लिए उन्होंने शनिवार दोपहर तक पूजा अर्चना की। काम पूरा होने पर शाम के समय वह रोड़ीबेलवाला की तरफ गए थे। लघु शंका होने पर ज्योतिषाचार्य पंडित अविनाश सुलभ शौचालय चले गए। काफी देर तक ज्योतिषाचार्य के बाहर न आने पर केसरवानी को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो कोई हलचल नहीं हुई।
शक होने पर जबरन दरवाजा खोला गया तो 66 वर्षीय पंडित अविनाश मृत पाए गए। सूचना पर रोड़ीबेलवाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक को मौत का कारण मान कर चल रही है। नगर कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि ज्योतिषाचार्य के परिजनों को खबर कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।