- जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए राहत-बचाव के निर्देश
- प्रभावित क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण करेंगे अधिकारी
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। जिले में शुक्रवार की सुबह अचानक मौसम बदलने से कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि हुई है। इसके कारण हुए नुकसान को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने को निर्देशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौसम में आए बदलाव से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है। इससे कुछ जगहों पर आवागमन बाधित हुआ है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आमजन की असुविधा दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अवरुद्ध सड़क मार्गों से प्राथमिकता के आधार पर पेड़ हटवाकर यातायात सुचारु कराने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त भवनों और अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने को भी कहा गया। आवश्यकतानुसार सुरक्षा और बचाव संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
उपजिलाधिकारी कृषि विभाग के साथ देखेंगे फसलों का नुकसान
उप जिलाधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को फसलों के नुकसान का गंभीरता से आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। ओलावृष्टि और तेज आंधी से किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इससे पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा और राहत उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए कहा गया है।
-
सड़क बहाली और बचाव कार्य की जिम्मेदारी विभागों को
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। आंधी-तूफान से गिरे पेड़ों के कारण अवरुद्ध हुए सड़क मार्गों को तुरंत साफ करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात और आवाजाही को जल्द-से-जल्द सामान्य किया जाएगा। क्षतिग्रस्त भवनों का भी निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी उपाय किए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आमजन को कोई असुविधा न हो। इसे लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों को निर्देशित किया है।