जल संस्थान ने पेयजल का लाखों रुपये का बकाया अदा नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर बृहस्पतिवार को सात उपभोक्ताओं के जल संयोजन काटे हैं। बकाया की वसूली के लिए वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
जल संस्थान कर्मियों ने बृहस्पतिवार को वन कर्मियों के विरोध के बावजूद रेंज आफिसर टिबड़ी तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी मोतीचूर की वन चौकियों के संयोजन भी काटे गए। वन चौकी के दो जल संयोजनों पर 2 लाख 27 हजार रुपये का बकाया है। फाजिल्का आश्रम कैलाश गली भूपतवाला के दो जल संयोजन भी काटे गए हैं। आश्रम पर वर्षों से करीब तीन लाख रुपये का बकाया है। दीपनाथ चैरिटेबिल ट्रस्ट कैलाश गली पर एक लाख से अधिक का बकाया होने पर जल संयोजन काटा गया। संस्था ने भवन ध्वस्त कर प्लाट बना दिया है। स्वामी हंसदास शिष्य जगन्नाथ दास कैलाश गली पर 70 हजार से अधिक का बकाया होने पर उनका जल संयोजन भी काटा गया है। कर्मचारियों ने जैसे ही 45 हजार रुपये से अधिक के बकायादार अमाराम व कल्पना देवी का जल संयोजन काटा तो अन्य बकायादार रास्ते पर आ गए और उन्होंने दो दिन के अंदर बकाया जमा करने का वक्त मांग कर संयोजन कटने से बचाया। भूपतवाला जोन के कनिष्ठ सहायक अभियंता रमेश चंद्र बमराड़ा ने बताया कि पानी का बिल नहीं देने वालों के कनेक्शन काटने का अभियान 31 मार्च के बाद भी जारी रखा जाएगा।