ग्राम बेहड़ेकी सैदाबाद के रेत उतारते समय एक ट्रक बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। लाइन से टकराने के बाद ट्रक में आग लग गई। ट्रक में सवार क्लीनर की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए। दोनों का उपचार चल रहा है। हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सोमवार की शाम करीब चार बजे ग्राम बेहड़ेकी सैदाबाद में बन रही सीसी रोड के लिए कुछ लोग रेत लेकर आए थे। ट्रक को मजदूर जब खाली करने लगे। एक जगह पर काफी रेत उतार देने के बाद मजदूरों ने ट्रक को पीछे हटाने के लिए चालक से कहा। इस पर चालक ने ट्रक को पीछे करना शुरू किया।
इस दौरान ट्रक का पहिया उतारी गई रेत के ऊपर चढ़ गया जिससे ट्रक का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया और ट्रक में करंट आने के साथ ही टायरों में आग लग गई। उसी समय ट्रक का चालक शरीफ अहमद और क्लीनर फिरोज, सोनू ट्रक में ही बैठे थे। करंट आते ही शरीफ और सोनू ट्रक से कूूद गए। दोनों लोग घायल हो गए।
लेकिन फिरोज करंट लगने के बाद टायर के पास जा गिरा। गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक फिरोज मंगलौर कस्बे का रहने वाला था। इस हादसे से गांव में मातम छा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।