हरिद्वार। हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर गंगा स्वरूप आश्रम के ठीक सामने सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराकर कार मालिक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया है।
गांव प्रतीतनगर डांडी, रायवाला, देहरादून निवासी मोहनलाल जुगरान (57) पुत्र मुरलीधर के छोटे बेटे की शुक्रवार को शादी हुई थी। शनिवार रात शादी का रिसेप्शन था। शादी में शामिल होने आए मोहनलाल के बड़े बेटे को शनिवार रात दिल्ली लौटना था। अपने बड़े बेटे को दिल्ली जाने के लिए वह हरिद्वार बस स्टैंड पर छोड़ने आए थे। बेटे को छोड़कर रायवाला लौटते समय गंगा स्वरूप आश्रम के पास खड़े डंपर से मोहनलाल की कार टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शी चाय विक्रेता ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बमुश्किल कार से उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसआई केपी जोशी ने बताया कि आशंका जताई जा रही हैं कि नींद का झोंका आने के चलते दुर्घटना हुई है। मृतक हरिद्वार में प्राईवेट नौकरी करते थे।
इनसेट
अब मातम में बदला माहौल
हरिद्वार। जिस घर में चंद घंटों पहले शहनाई गूंजी थी अब वहां मातम पसरा हुआ है। छोटे बेटे की शादी से घर का माहौल खुशनुमा था, लेकिन जब देर रात पिता की मौत की खबर घर पहुंची तब खुशियों से चहक रहा घर मरघट में तब्दील हो गया। पत्नी और बेटों का रो रोकर बुरा हाल है।