हरिद्वार। शराब तस्करी की सूचना पर कार को रोक रहे चेतक सवार पुलिसकर्मियों को कार चालक ने रौंदना चाहा। कार की साइड लगने से मोटरसाइकिल स्लिप होने पर एक पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई, जबकि दूसरा बाल बाल बच गया। चालक कार को लेकर फरार हो गया। एक कांस्टेबल की ओर से इस संबंध में हरिद्वार कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
घटना रविवार देर रात दस बजे हाईवे पर अलकनंदा होटल के ठीक सामने की है। चेतक सवार पुलिसकर्मी दीवान सिंह मर्तोलिया और पंकज शर्मा को सूचना मिली थी कि रुड़की की ओर से आ रही सफेद रंग की जायलो कार में शराब की खेप आ रही है। सूचना पर सक्रिय हुए पुलिसकर्मियों ने शंकराचार्य चौक से आगे कार को रोकना चाहा। चालक ने कार रोकने को बजाय मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों को रौंदना चाहा लेकिन खुद को बचाते वक्त साइड लगने से बाइक स्लिप हो गई। सिपाही पंकज शर्मा बुरी तरह घायल हो गया जबकि दूसरा सिपाही बच गया। पुलिसकर्मियों की सूचना पर हरिद्वार पुलिस सक्रिय हो गई लेकिन चेकिंग के बाद भी जायलो कार का कुछ अता पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सिपाही पंकज शर्मा के कंधे में चोट आई है, उसका इलाज चल रहा है। कांस्टेबल दीवान सिंह की शिकायत पर हरियाणा नंबर की कार के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कार को ट्रेस करने का प्रयास कर रहे हैं।