हरिद्वार। बैंक में पैसे जमा करने पहुंचा कर्मचारी एक लाख रुपये के झांसे में दुकान मालिक के 15 हजार रुपये गवां बैठा। एक नटवर लाल ने किशोर को बातों में उलझा कर नगदी ले ली और पांच सौ रुपये के नोट से लिपटा कागज का बंडल उसके हाथ में थमाकर चलता बना। ठगी की तहरीर कोतवाली नगर में दी गई है। पुलिस ठग की तलाश कर रही है।
मोती बाजार में ठंडा कुंआ के पास बैग की दुकान में बालक गिरी काम करता है। बुधवार को मालिक ने उसे 15 हजार रुपये जमा कराने के लिए अपर रोड स्थित बैंक शाखा में भेजा। बैंक में बालक गिरी को एक युवक मिला और उसे बातों में उलझाकर बाहर ले आया। शातिर ने बालक गिरी से कहा कि पुलिस उसके पीछे पड़ी है। मदद मांगते हुए बालक गिरी के हाथ में एक नोटों की गड्डी दी और कहा कि यह एक लाख रुपये की रकम रख लो। इसके बाद शातिर ने पूछा कि कुछ पैसे जेब में हों तो खर्च के लिए दे दो। बालक गिरी ने शातिर के एक लाख रुपये समझकर उसे अपने 15 हजार रुपये दे दिए। पलक झपकते ही नटवरलाल वहां से फरार हो गया। बालक गिरी ने जब रकम गिनना चाहा तो ऊपर पांच सौ का नोट और नीचे कागज के टुकड़े देख पैरों तले जमीन खिसक गई। बालक गिरी ने आसपास के लोगों और फिर दुकान मालिक को आपबीती बताई। सूचना पर पुलिस ने बैंक के आसपास छानबीन की। ठग के हुलिये की जानकारी जुटाई गई। मगर आरोपी का कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।