रुड़की के ढंढेरी गांव में अपने खेत से हफ्ते भर पहले संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुआ युवक शनिवार को बदहवास हालत में भगवानपुर क्षेत्र में मिला।
युवक ने खेत जोत रहे किसानों की मदद से अपने घर फोन कराया। परिजनों की सूचना पर रुड़की पुलिस युवक को लाई। उसके शरीर पर चोट व जलने के निशान मिले हैं।
परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर शक जताते हुए अपहरण का आरोप लगाया है। ढंढेरी गांव निवासी प्रेमचंद का बेटा दीपक बीते सात नवंबर को अपने खेत पर पानी देने गया था।
देर शाम तक दीपक घर वापस नहीं लौटा तो परेशान परिजन खेत पर पहुंचे। जहां उसका मोबाइल व चप्पल मिले थे। शनिवार की सुबह अनजान नंबर से कॉल कर रहे एक युवक ने परिजनों को दीपक के भगवानपुर के चुड़ियाला क्षेत्र में महेश्वरी गांव में होने की सूचना दी।
परिजनों के साथ सिविल लाइंस कोतवाली की एक टीम माहेश्वरी गांव पहुंची और एक डेरे पर दीपक मिला। बदहवास दीपक के शरीर पर मारपीट के निशान साफ नजर आ रहे थे।
जिला अस्पताल हरिद्वार में मेडिकल के बाद युवक को कोतवाली लाया गया। यहां परिजनों ने सीओ रुड़की कुलदीप असवाल से मुलाकात कर बताया कि उनकी गांव में एक परिवार से रंजिश चली आ रही है। युवक ने भी उसी परिवार के दो लोगों को अपहरणकर्ताओं में पहचानने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।