हरिद्वार। छात्र-छात्राओं के दुपहिया वाहन से स्कूल आने पर ध्यान न देने वाले पब्लिक स्कूल की नींद अब पुलिस की पहल से टूटी है। स्कूल प्रबंधन अब बकायदा हर छात्र-छात्रा के घर नोटिस भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दावा कर रहा है।
सड़क दुर्घटनाओं में कई छात्र-छात्राएं जान गंवा चुके है। अधिकांश पब्लिक स्कूल में ही सीनियर कक्षाओं के छात्र छात्रा अपने अपने दुपहिया वाहन से स्कूल पहुंचते है। स्कूल प्रबंधन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। अभिभावक बच्चों की जिद के चलते जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लेते है। अब पुलिस ने स्कूली छात्र छात्राओं के दुपहिया वाहन लाने पर हर स्कूल को नोटिस भेजा है। पुलिस के नोटिस का ही परिणाम है कि अब स्कूल प्रबंधन भी छात्र छात्राओं के घर नोटिस भेजने में जुटा है। पुलिस ने भेजे गए नोटिस में साफ-साफ लिखा है कि, अभिभावक भी नाबालिग को दुपहिया वाहन थमा देने के लिए जिम्मेदार है। वह अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।