हरिद्वार। कानून का जबड़ा देखकर कभी दूल्हा शादी के लिए हां करता रहा तो कभी मुकरता रहा। बृहस्पतिवार रात से दूल्हे को मनाने की कवायद शुक्रवार देर शाम तक भी सिरे नहीं चढ़ी। दूल्हा-दुल्हन पक्ष कोतवाली में ही डेरा डाले हुए हैं।
नगर कोतवाली से सटी ब्रह्मपुरी के रहने वाले युवक की शादी नैनीताल की छोटी हल्द्वानी, कालाढूंगी निवासी युवती से तय हुई थी। बृहस्पतिवार को नैनीताल के घोड़ाखाल, भीमताल के एक मंदिर में विवाह की रस्म पूरी होने की बात तय हुई थी। कार्ड भी बंट गए थे लेकिन बृहस्पतिवार को दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार ही करता रह गया। दूल्हे से लेकर उसके परिजन के मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले। फिर देर रात ही दुल्हन अपने परिजन के संग सीधे नगर कोतवाली आ धमकी। दुल्हन की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस जब दूल्हे के घर की चौखट पर पहुंची तब ताला लटका मिला। पुलिस ने दूल्हे के चाचा को हिरासत में लिया। फिर कुछ देर में दूल्हे को भी ढूंढ निकाला। दूल्हे और उसके पिता को पुलिस सीधे नगर कोतवाली ले आई। दुल्हन पक्ष ने सगाई के फोटो शूट की एलबम भी पुलिस को दिखाई। पुलिस ने जब दूल्हे एवं उसके पिता से बारात न ले जाने की वजह पूछी तब कोई जवाब देते न बना। रात ऐसे ही बीत गई। दिन भर शादी के लिए दूल्हे की मान मनौव्वल चलती रही। दूल्हे ने कभी हामी भरी तो कभी ना भी करता रहा। शाम तक हां न के बीच ही मामला अटका रहा। दूल्हे के पक्ष में पहुंचे क्षेत्रवासी भी शादी के ही पक्ष में दिखाई दिए।