हरिद्वार। एक आयुर्वेदिक कालेज के हॉस्टल में एक युवती ने छत पर चढ़कर अपनी आबरु को बचाया लिया। युवती को नौकरी दिलाने के बहाने से हॉस्टल में लाया गया था। हॉस्टल के एक कमरे में युवती को बंद करके दुराचार का प्रयास किया गया। युवती ने हॉस्टल की छत पर चढ़कर शोर मचाते हुए आरोपी युवकों से खुद को बचा लिया।
कनखल थाना क्षेत्र एक आयुर्वेदिक कालेज का हॉस्टल है। शुक्रवार को एक नामी कंपनी में काम करने वाला एक युवक लक्सर क्षेत्र की एक युवती को कंपनी में नौकरी दिलाने के बहाने हॉस्टल में ले आया। हॉस्टल के कमरा नंबर 13 में युवती की मुलाकात एक दूसरे युवक से एचआर बताकर कराई गई। नौकरी दिलाने की बातचीत करते हुए दूसरे युवक ने युवती को कमरे में बंद कर लिया। एक युवक कमरे के बाहर खड़ा रहा। कमरे में युवती के साथ दुराचार का प्रयास किए जाने पर युवती से शोर मचाया। वह किसी तरह से आरोपी युवकों के कब्जे से निकलकर शोर मचाते हुए हॉस्टल की छत पर पहुंच गई। हॉस्टल की छत पर युवती को शोर मचाते देख सुरक्षा कर्मियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसी बीच आरोपी युुवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने संस्था के कार्यालय में पहुंचकर पीड़ित युवती से बातचीत की। पुलिस की ओर से मामले की सूचना पीड़िता के परिजनों को दी। कनखल थाना के कार्यवाहक थानाध्यक्ष भगत दास ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित में कोई शिकायत नहीं मिलने पर उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।