पिरान कलियर में अपनी बहन के साथ जियारत करने आए एक किशोरी का सरेराह टेंपो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। छोटी बहन के शोर मचाया। इस पर लोग एकत्रित हो गए। अपहरण की घटना से क्षेत्र में सनसनी है। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार देर शाम कुलसूम (12 वर्ष) अपनी छोटी बहन के साथ साबिर साहब की जियारत करने आई थी। कुलसूम के पिता इब्राहिम रहमतपुर स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। यहीं पर वह परिवार सहित रहते भी हैं। दोनों बहने जब जियारत कर बाहर आई तो वह पास ही एक पार्क में घूमने लगी।
तभी एक टेंपो वहां आकर रुका और उसमें एक-दो लोग निकले और कुलसूम को जबरन उठाकर टेंपो में बैठाकर अपने साथ ले गए। बदमाशों ने इस घटना को इतनी फुर्ती से अंजाम दिया, कि लोग कुछ भी नहीं समझ पाए। कुलसूम की छोटी बहन ने लोगों को बताया कि टेंपो में उसकी बहन को कुछ लोग जबरन बैठाकर ले गए हैं।
टेंपो में एक महिला भी बताई गई है। सरेराह हुई इस अपहरण की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कराई। बदमाश कौन थे कहां से आए थे। इस संबंध में किसी को कुछ पता नहीं है।