हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर चार नवंबर को रेलगाड़ी की बोगी में आग लगाने के मामले को लेकर सामने आ रही जानकारियों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। अभी तक जानकारी में आया है कि दहशत फैलाने के लिए बोगी में आग लगाई गई थी। इस मामले में हरिद्वारद के भी कुछ लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। पुरी में पकड़े गए आरोपी को पुलिस हरिद्वार लाने की तैयारी कर रही है।
चार नवंबर को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की बोगी में आग लगा दी गई थी। इस तरह की घटनाएं तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उडीसा में भी हो चुकी हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरी में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा है जो बोगी में आग लगाने की घटना में शामिल हो सकता है। हरिद्वार से जीआरपी और आरपीएफ की एक टीम उड़ीसा भेजी गई है। जीआरपी के एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि अभी तक की जानकारी में यह बात सामने आई है कि अभी आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अभी तक की बातों के आधार पर माना जा रहा है कि दहशत फैलाने के लिए आग लगाई गई। उधर आरपीएफ के सूत्रों ने भी बताया कि आरोपी सुभाष चंद्रन के हरिद्वार में सक्रिय साथियों की भी तलाश की जा रही है।