फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाणगंगा में अवैध खनन का भंडाफोड़

Mon, 09 Nov 2015 12:16 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन
हरिद्वार। एंटी माइनिंग फोर्स ने लक्सर की भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र में बाणगंगा में देर रात छापा मारकर अवैध खनन में जुटी तीन जेसीबी, 21 ट्रैक्टर ट्रालियां एवं दो डंपर सीज किए। शनिवार सुबह तक सीईओ-आईजी संजय गुंज्याल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर डटे रहे।
विज्ञापन


देर रात टीम बाणगंगा में पहुंची तो मौके पर तीन जेसीबी मशीनों से ट्रैक्टर ट्रालियों एवं डंपरों में खनिज सामग्री भरी जा रही थी। टीम को देखते ही खनन में जुटे लोग तितर-बितर हो गए। बड़े पैमाने पर खनन की सूचना मिलने पर देर रात आईजी संजय गुंज्याल घटनास्थल पर पहुंचे। आईजी ने अवैध खनन की जानकारी ली और फिर एक-एक कर वाहन सीज करवाए। लेकिन स्थानीय पुलिस इस कार्रवाई के दौरान बेखबर रही। जब टीम ने कार्रवाई पूरी की तो स्थानीय पुलिस की नींद टूटी। आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली एवं डंपर को फेरुपुर चौकी में पार्क कराया गया है। तीन-चार वाहन को छोड़कर सभी में खनिज भरा है। आईजी ने बताया कि अवैध खनन जहां-जहां हुआ है उन स्थानों की पैमाइश कराई जाएगी।

अवैध खनन में जुटा हर चेहरा बेनकाब होगा: आईजी
एंटी माइनिंग के निशाने पर अब अवैध खनिज खरीदने वाले क्रशर मालिक हैं। बताया जा रहा है कि अवैध खनन सीधे ट्रैक्टर ट्रालियों से क्रशरों में पहुंचता है और कुछ प्रभावशाली लोग अवैध खनन की कमान संभालते हैं। आईजी संजय गुंज्याल ने दावा किया कि अवैध खनन के धंधे में जुटा हर चेहरा बेनकाब होगा। कुछ क्रशर चिह्नित कर लिए हैं। उन सभी के प्रवेश द्वार सील किए जाएंगे। आईजी ने बताया कि खनन माफिया के भी नाम सामने आए है, सभी के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।
विज्ञापन


दो दिन से चल रही थी एक्सरसाइज
दो दिन से अवैध खनन को लेकर एंटी माइनिंग फोर्स एक्सरसाइज कर रही थी। दो दिन तक फोर्स ने रात के अंधेरे में क्षेत्र में घूमकर अवैध खनन को लेकर जानकारी जुटाई। सामने आया था कि पांच जेसीबी की मदद से अवैध खनन हो रहा है। लेकिन शनिवार रात तीन ही जेसीबी बाणगंगा में उतरी थी।

लक्सर पुलिस की भूमिका की होगी जांच
लक्सर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आईजी संजय गुंज्याल भी स्वीकारते हैं कि बिना मिलीभगत के अवैध खनन संभव नहीं है। भिक्कमपुर चौकी पुलिस में तैनात पुलिसकर्मियों का भी रिकार्ड खंगाला जा रहा है। हर पहलू पर जांच की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें