ब्यूरो/अमर उजाला, बहादराबाद
कस्बे में स्थित ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में पैसे जमा करने आए एक युवक से दो लोगों ने टप्पेबाजी कर चालीस हजार रुपये उड़ा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित ने बहादराबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सोनू पुत्र बिरम सिंह निवासी रावली महदूद बुधवार को ओरिएंटल बैंक में 40 हजार रुपये जमा करने आया था। जब सोनू बैंक में पैसा जमा करने के लिए फार्म भर रहा था, उसी वक्त दो युवक आए और उन्होंने सोनू से फार्म लेकर उसे सही तरीके से भरने की बात कही। इसपर सोनू ने फार्म के साथ-साथ 40 हजार रुपये भी दोनों को थमा दिये। सोनू ने बताया कि इसी दौरान उन्होंने उसे कुछ सुंघा दिया। इससे उसका दिमागी संतुलन बिगड़ गया और वह वहां से सीधा अपने घर चला गया। घर जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी है। इसमें दो युवक पीड़ित से बात कर रहे हैं। थाना प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो