बकायेदारों पर शिकंजा कस रहे ऊर्जा निगम के अधिकारियों को भारी विरोध भी झेलना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को वसूली के लिए पहुंची टीम के साथ बकायेदारों ने मारपीट कर दी। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता ने इस संबंध में तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना बृहस्पतिवार को ज्वालापुर क्षेत्र में हुई। क्षेत्र के अवर अभियंता अक्षय कुमार टीम के साथ मोहल्ला घोसियान में रहने वाले बानू के घर पहुंचे। मकान स्वामी से बिजली के बिल के बकाया 1.82 लाख की रकम जमा करने को कहा। बकायेदार ने असमर्थता जताई। इस पर ऊर्जा निगम की टीम ने कनेक्शन काटने की बात कहते हुए दबाव बनाया तो आरोप है कि इस बात को लेकर बानू के बेटे सिट्टा, सावेज और सहराज ने उनके साथ मारपीट कर दी और गाली गलौच करते हुए हत्या की धमकी दी।
हंगामा होने पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। ऊर्जा निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने जैसे तैसे अपनी जान बचाकर भागी। निगम के अधिकारियों की सूचना के बाद ज्वालापुर पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने मोहल्ला घोसियान में छापा मारा, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। एसएसआई संजीव थपलियाल ने बताया कि तीनों सगे भाइयों के खिलाफ लोकसेवक से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौच, हत्या की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे है।