हरिद्वार। 40वीं वाहिनी कैंपस में चल रहे आईआरबी द्वितीय के कांस्टेबल सुमित कुमार को एक युवक ने हत्या की धमकी दी है। कांस्टेबल ने इस संबंध में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिन से कैंपस में पालतू सूअरों का आतंक बना हुआ है। सूअर कैंपस में लगे पौधों को नुकसान पहुंचा रहे थे। अधिकारियों के निर्देश पर कांस्टेबल सुमित कुमार ने जानकारी जुटाई तो सूअर सुनील कुमार पुत्र जगदीश निवासी घासमंडी ज्वालापुर के होना सामने आए। कांस्टेबल ने जब सुनील से संपर्क साधा तब उसने सूअर उसके होने से इन्कार कर दिया। सिपाही ने रविवार की सुबह आस-पास के गांवों से कुछ युवकों को बुलाकर सूअर पकड़वा लिए। जब वे सुअरों को लेकर कैंपस से बाहर निकल रहे थे तो उसी दौरान पहुंचे सुनील कुमार ने युवकों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। बीच बचाव कर रहे कांस्टेबल को भी हत्या की धमकी दी। एसएसआई दिलमोहन बिष्ट ने बताया कि कांस्टेबल की ओर से युवक सुनील कुमार के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।