ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
होली के दिन कनखल के दक्षबालाजी अस्पताल में अस्पताल कर्मचारी की नाक की हड्डी तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर मथुरा जी पूड़ी वाले के स्वामी सचिन अरोड़ा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रबंधन ने मारपीट का एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
क्षेत्र के गुरुबख्श विहार में डॉ राकेश सिंहल का दक्षबालाजी अस्पताल है। 20 मार्च को मथुरा जी पूड़ी वाले दुकान के स्वामी जोगेंद्र अरोड़ा की पत्नी रानी अरोड़ा को चोटिल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। होली के दिन शाम करीब चार बजे परिजन एकत्र होकर अस्पताल में पहुंचे, जहां उन्होंने मरीज को डिस्चार्ज कराने की बात अस्पताल प्रबंधन से कही। लेकिन शाम को करीब छह बजे फिर कुछ परिचितों के साथ एकत्र होकर पहुंचे परिजन ने अस्पताल के भुगतान को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि सचिन अरोड़ा ने डॉक्टर को अपशब्द कहते हुए कर्मचारी सतीश चौहान की पिटाई कर दी। अस्पताल स्टॉफ को डरा धमकाकर परिजन मरीज को लेकर चले गए। बुरी तरह हुई पिटाई में कर्मचारी की नाक की हड्डी टूट गई। पूरा घटनाक्रम अस्पताल कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। एसओ हरिओमराज चौहान ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपी की हरकी पैड़ी पर मथुरा जी पूड़ी वाले के नाम से दुकान है।