ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर कनखल पुलिस ने अरुणा त्यागी नाम की युवती के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि फिलहाल युवती हरिद्वार में नहीं बल्कि दिल्ली में रह रही है।
तीन दिन पूर्व ब्राह्मण समाज से जुड़े प्रतिनिधियों ने एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूरी से मुलाकात कर फेसबुक पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। कनखल थाने में पहुंचकर समाज से जुड़े लोगों ने फेसबुक अकाउंट की संचालिका अरुणा त्यागी के खिलाफ तहरीर दी थी। बृहस्पतिवार की देर शाम ब्राह्मण समाज से जुड़े निकुंज शर्मा निवासी कनखल की ओर से यूजर अरुणा त्यागी के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसओ हरिओमराज चौहान ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि युवती यहां किराये पर रहती थी फिलहाल वह दिल्ली में है। इस तरह की जानकारी सामने आई है। युवती की तलाश कर रहे हैं।