ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। अमर उजाला में वेस्ट यूपी के दो बदमाशों की खबर प्रकाशित होने के बाद एडीजी अशोक कुमार ने संज्ञान लिया है। एडीजी ने हरिद्वार एसएसपी को बदमाशों व उनके गुर्गों पर शिकंजा करने के आदेश दिए हैं। एडीजी के आदेश के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और बदमाश राठी व जीवा के गुर्गों की तलाश शुरू कर दी है। एडीजी के आदेश के बाद एसटीएफ भी सक्रिय हो गई है और जीवा और राठी के गुर्गों की गोपनीय तरीके से चिह्नित कर रही है।
शुक्रवार के अंक में अमर उजाला ने ‘रंगदारी की चौसर पर जीवा बिछा रहा अपनी मोहरें’ खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया कि उत्तराखंड में सुनील राठी के नेटवर्क कमजोर पड़ने के बाद वेस्ट यूपी के कुख्यात संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा ने प्रदेश में अपनी गुर्गों की फौज तैयार करनी शुरू कर दी है और उसके गुुर्गों ने जिले के कुछ कारोबारियों से भी संपर्क साधा है। खबर प्रकाशित होने के बाद एडीजी अशोक कुमार ने सीधा संज्ञान लिया है। एडीजी अशोक कुमार ने खबर पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी को आदेश दिए हैं कि वह बदमाशों और उनके गुर्गों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करें। एडीजी ने दो टूक कहा है कि बदमाश अगर किसी को डराते और धमकाते हैं तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एडीजी ने एसएसपी को बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए गुर्गों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एडीजी के आदेश मिलते ही जनपद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस बदमाशों के ऐसे गुर्गों की तलाश कर रही है जो पूर्व में जेल गए थे और अब बाहर हैं। वहीं, दून एसटीएफ ने भी बदमाशों के गुर्गों की तलाश शुरू कर दी है। एसटीएफ भी गहनता से बदमाशों के गुर्गों की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद एसएसपी हरिद्वार को इसका संज्ञान लेने को कहा है। उन्हें इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-- अशोक कुमार, एडीजी कानून व्यवस्था