ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
बहादराबाद। सिडकुल की एसएस एयरकोन कंपनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की गई तीन लाख 18 हजार रुपये की रकम और एक एलईडी भी बरामद कर ली। कंपनी के ही एक कर्मचारी ने अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी ने सिडकुल थाना परिसर में चोरी की घटना का खुलाया किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 27 जनवरी की रात कंपनी में घुसकर चोरी करने वाला कंपनी का ही एक कर्मचारी शामिल था, उसी ने 3 फरवरी को अलग-अलग कंपनी में काम करने वाले अपने दोस्तों से मिलकर कंपनी में चोरी करने की योजना बनाई। छह युवक दो बाइकों पर सवार होकर कंपनी पहुंचे। चार युवक कंपनी के अंदर गए जबकि दो बाहर ही निगरानी कर रहे थे। आरोपियों ने कंपनी कार्यालय के दो दरवाजे और गोदरेज अलमारी लॉकर काटकर लगभग तीन लाख रुपये और एक एलइडी चोरी कर ली थी।
उन्होंने बताया कि भूपेंद्र एसएस एयर कोन कंपनी में वेल्डिंग का कार्य करता है और कंपनी में रखे गए गैस की उसको पूरी जानकारी थी। भूपेंद्र ने अपने गांव के ही दोस्त टिंकू वह सनी के साथ मिलकर कंपनी में चोरी करने की योजना बनाई और उसी ने अन्य तीन युवकों को अपने साथ मिलाया। उन्होंने बताया भूपेंद्र की बहन की शादी मार्च में है। शादी में देने के लिए एलईडी अपने घर में छुपा रखा था। पुलिस ने भूपेंद्र उर्फ पोलो पुत्र अजब सिंह व टिंकू पुत्र जगदीश निवासीगण रसूलपुर थाना बुग्गावाला, सन्नी कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी उमाई कलां थाना रामपुर मनीहारन सहारनपुर, अभिषेक शर्मा पुत्र ललित कुमार शर्मा, निवासी मुबारिजपुर थाना आदमपुर जिला अमरोहा, राजकुमार पुत्र चंद्र बहादुर निवासी चंबा टिहरी गढ़वाल, अर्जुन पुत्र जलसिंह निवासी बालू थाना तीतरों जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।