अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भेल के संविदा कर्मी कृष्ण कुमार की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी ने भेल अस्पताल के तीन चिकित्सकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। रानीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना जनवरी माह की है।
ज्वालापुर क्षेत्र के अंबेडकरनगर के रहने वाले कृष्ण कुमार भेल में संविदाकर्मी के तौर पर कार्यरत था। रात्रि ड्यूटी के दौरान अचानक तबियत बिगड़ने पर उसे भेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। सुबह जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा था तब परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया था।
मृतक भेलकर्मी के मुंह से उल्टी निकली हुई थी। परिजन के हंगामा खड़ा कर देने पर पुलिस ने जैसे तैसे हालात संभाला था। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट करने वाले चिकित्सक ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि भेलकर्मी की मौत पोस्टमार्टम करने से छह घंटे पहले हुई थी और उसे मृत रात में ही घोषित कर दिया था। यानि रात भर भेलकर्मी मोर्चरी में जिंदा ही मौजूद था। सीएमओ ने पूरे प्रकरण पर जांच कमेटी गठित की थी। जांच कमेटी ने भी अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि मृतक की पत्नी संगीता की ओर से इलाज करने वाले भेल के चिकित्सक बलवंत सिंह कुशवाहा, परमानंद जोशी, सरबजीत सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।