हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने लापता चल रही रिश्ते की नाबालिग मौसी और भांजी को भटिंडा पंजाब से बरामद करते हुए दो अपहरणकर्ताओं को भी धर दबोचा। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
तीन दिन पूर्व क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी नाबालिग बेटी और नाबालिग रिश्तेदार को क्षेत्र के ही रहने वाले कुछ लोग बहला फुसलाकर ले गए हैं। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेश राठौर ने भी कोतवाली पहुंचकर जल्द किशोरियों को बरामद करने की मांग की थी। स्थानीय पुलिस ने किशोरियों को बरामद करने की कवायद तेज कर दी थी। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने भटिंडा पंजाब से किशोरियों को बरामद करते हुए आरोपियों को भी दबोच लिया। बताया कि आरोपियों के नाम सुहेल और अनस हैं। आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म एवं पोक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों ने भटिंडा में कमरा किराये पर ले लिया था। किशोरियों के बयान कोर्ट में करा रहे हैं। आरोपियों को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा, उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।